राजनांदगांव

नए साल में सीढिय़ों से मां के दरबार पहुंचे मरकाम
02-Jan-2023 12:14 PM
नए साल में सीढिय़ों से मां के दरबार पहुंचे मरकाम

  पीसीसी चीफ ने आरक्षण की आड़ में राज्यपाल पर राजनीति करने का लगाया आरोप  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 2 जनवरी।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने आरक्षण को लेकर उठे विवाद पर राज्यपाल को जिम्मेदार ठहराते कहा कि इस मामले के आड़ में राजभवन राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि राजभवन की तमाम गतिविधियां भाजपा के इशारे में चल रही है।

इससे साफ हो गया है कि भाजपा  आदिवासी विरोधी है और वह आरक्षण के मामले में दोहरी नीति अपनाकर राजनीति कर रही है। श्री मरकाम ने कहा कि आरक्षण विधेयक में हस्ताक्षर करने के लिए प्रदेश सरकार के नेतृत्व में 3 जनवरी को  महारैली का आयोजन कि गया है। जिसमें सभी समुदाय के लोगों का समर्थन मिला है। इससे पहले नए वर्ष पर मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए बिना सूचना के एकाएक श्री मरकाम डोंगरगढ़ पहुंचे। सीढिय़ों से चढक़र उपर स्थित मां बम्लेश्वरी के दरबार में हाजिरी लगाई।

उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। प्रदेश की तरक्की और सुकून के लिए प्रार्थना करते श्री मरकाम ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा की। इसके बाद वह नीचे स्थित मां के दरबार में पहुंचे। सीढिय़ों से ऊपर जाने के दौरान कुछ कांग्रेसी नेताओं ने उनसे बातचीत की। साल के पहले दिन वह गुपचुप रूप से दर्शन के लिए पहुंचे। कुछ कांग्रेसियों को जानकारी मिलने के बाद उनसे मिलने के लिए पहुंचे। बिना प्रोटोकॉल के वह दर्शन करने के लिए सीढिय़ों से ऊपर गए। नीचे भी उन्होंने परंपरागत रूप से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ डोंगरगढ़ शहर कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गोमास्ता विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने रायपुर रवानगी से पहले लोगों से महारैली में शामिल होने की अपील की।
 


अन्य पोस्ट