राजनांदगांव

अटल आवास से बेदखली के विरोध में महिला ने खुद को किया था आग के हवाले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 दिसंबर। लखोली अटल आवास से बेदखली के विरोध में गुरुवार को एक महिला ने खुद को आग लगाकर आत्मदाह की कोशिश की थी। जिसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। इधर लखोली क्षेत्र में महिला द्वारा खुद को आग लगाने की घटना से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया था। महिला को गंभीर हालत में भिलाई सेक्टर-9 अस्पताल रिफर किया गया था, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद एसडीएम अरूण वर्मा और नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी भी सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचे थे। वहीं आत्महत्या की कोशिश करने वाली महिला की स्थिति और ईलाज के संंबंध में अधिकारियों ने आवश्यक निर्देश दिए थे।
नगर निगम की टीम ने पीएम आवास के मकान में अवैध कब्जे के मामले में कार्रवाई शुरू की थी। महिला ने गुरुवार की दोपहर को आत्मदाह करने की कोशिश की। महिला को गंभीर हालत में भिलाई रिफर कया गया। बताया जा रहा है कि मकानों से कब्जा छोडऩे 7 दिन का समय दिया गया था, लेकिन गुरुवार दोपहर को टीम पहुंच गई। निगम की टीम बंद मकानों को सील करने में लगे थे, इसी बीच महिला के मकान को भी टीम ने सील कर दिया। इससे आहत होकर महिला ने खुद को आग लगा ली।
बताया जा रहा है कि निगम ने सामान सहित महिला के मकान पर सील लगा दिया था, जिससे महिला आक्रोशित हो गई। पहले तो वह मौके पर रोने लगी। इसके बाद महिला ने बोतल में पेट्रोल लेकर अपने मकान के सामने पहुंची, जहां मकान सील हो जाने से खुद को व अपने बच्चों को बेघर हो जाने की बात कहते चिल्लाने लगी। इसी बीच महिला ने बोतल में रखे पेट्रोल को खुद पर डालकर आग लगा ली। महिला को जलता देखकर लोग उसे बचाने पहुंचे। कंबल, चादर व पानी से आग बझुाकर झुलसी महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत को देखते उसे भिलाई रिफर किया गया। इधर खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। इधर एसडीएम अरूण वर्मा और नगर निगम आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी गुरुवार शाम को सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचकर झुलसी महिला से मुलाकात कर चिकित्सकों को बेहतर इलाज करने कहा।
फूंका सीएम का पुतला
लखोली बैगापारा में निर्मित प्रधानमंत्री आवास की मांग को लेकर कलेक्टोरेट के सामने धरना प्रदर्शन में डटे लोगों ने गुरुवार शाम को धरनास्थल में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला फूंका। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव के नेतृत्व में पुतला दहन किया गया, जहां लोगों ने जमकर नारेबाजी की।
मधुसूदन यादव ने कहा कि मामले में जांच कर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई करें। निगम प्रशासन ने महिला को आत्महत्या करने मजबूर किया। इस दौरान गगन आईच, किशुन यदु, प्रखर श्रीवास्तव, मणिभास्कर गुप्ता, मोनू बहादुर सिंह सहित अन्य लोग शामिल थे।