राजनांदगांव

मोहला-मानपुर में हुए कत्ल की गुत्थी सुलझी, 24 घंटे में तीन आरोपी पकड़ाए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 अक्टूबर। मानपुर के कांग्रेसी नेता और मिठाई कारोबारी की हत्या की गुत्थी 24 घंटे के भीतर एमएमसी जिले की पुलिस ने सुलझा ली है। दरअसल पूरा मामला आपसी प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ है। मृतक का एक महिला से प्रेम संबंध था। रोजाना वह महिला से मिलने की जिद करता था। जिससे तंग आकर पति संग महिला ने कांग्रेस नेता की जघन्य हत्या कर दी। इस घटना में तीसरे सहयोगी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मोहला में एसपी वाय. अक्षय कुमार ने पत्रकारवार्ता के जरिये पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस का कहना है कि प्रीति बोगा और मृतक रोमन नेताम के बीच अवैध संबंध था। दोनों के आपसी रिश्ते काफी गहरे हो गए थे। मृतक कुछ समय से रोजाना महिला से मिलने की जिद करता था। इस बात की जानकारी उसके पति संतोष बोगा को भी लग गई। फिर पति-पत्नी ने तीसरे साथी उमराव आतराम के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।
बताया जा रहा है कि महिला ने ही मृतक को मिलने के लिए बुलाया और उसका कत्ल कर दिया। पुलिस को घटनास्थल में चूड़ी और अन्य सामान मिले थे। इस आधार पर पुलिस ने प्रेम-प्रसंग से जोडक़र मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने अलग-अलग तरीके से आरोपियों की खोजबीन शुरू की और तीनों को धरदबोचा।
बताया जा रहा है कि कांग्रेसी नेता रोमन नेताम के रवैये के चलते सभी ने हत्या का षडयंत्र रचा। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा कर दिया। इधर घटना के विरोध में कल मानपुर पूरी तरह से बंद रहा। मृतक की हत्या की खबर से व्यापारिक जगत में सन्नाटा पसर गया। मृतक कांग्रेस का ब्लॉक स्तर के महामंत्री पद पर रहा। ऐसे में पुलिस ने सत्तारूढ़ दल से जुड़े होने के चलते मामले की गंभीरता से जांच की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।