राजनांदगांव

गंदे पानी सप्लाई से भडक़े कांग्रेसी नेताओं ने जलाया पुतला
05-Nov-2025 5:44 PM
गंदे पानी सप्लाई से भडक़े कांग्रेसी नेताओं ने जलाया पुतला

फिल्टर प्लांट में दिवाली मिलन पार्टी में हंगामा

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 5 नवंबर। शहर में गंदे पानी सप्लाई को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सत्तारूढ़ निगम की भाजपा सरकार के खिलाफ मोहारा स्थित फिल्टर प्लांट में जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेसियों ने महापौर मधुसूदन यादव और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह का पुतला भी फूंका। कांग्रेस नेता निखिल द्विवेदी व नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले समेत अन्य कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि एक ओर शहर में गंदे पानी की धड़ल्ले से सप्लाई की जा रही है। जिसके चलते लोग पीलिया और अन्य जलजनित बीमारियों से ग्रस्त हैं। ऐसे में भाजपा के आला नेता आंख बंद किए हुए हैं।

इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस भाजपा पर हमलावर है। इसी बीच फिल्टर प्लांट में मंगलवार को जैसे ही निगम कर्मियों और ठेकेदार संघ के द्वारा दिवाली मिलन का आयोजन की खबर मिली, उसी से भडक़े कांग्रेसियों ने फिल्टर प्लांट के सामने नारेबाजी करते भाजपा नेताओं का पुतला जला दिया। कांग्रेसियों का आरोप है कि निगम प्रशासन की ओर से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करने से रोका जा रहा है। जबकि इस संवेदनशील जगह में ठेकेदार संघ को दिवाली मिलन के लिए जगह उपलब्ध कराई गई।

बताया जा रहा है कि कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए तत्काल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वाटर फिल्टर नहीं होने से शहर का एक बड़ा हिस्सा गंदा पानी पीने मजबूर हैं। इस दौरान कांगे्रस के पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री, अभिमन्यु मिश्रा के अलावा अन्य लोग भी शामिल थे।


 


अन्य पोस्ट