राजनांदगांव

राजनांदगांव, 16 अक्टूबर। शहर के वार्ड नं. 45 के पार्षद गगन आईच ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दीपावली के पहले 17 अक्टूबर को गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को राशि का भुगतान करने की घोषणा करते हैं। वहीं दूसरी तरफ गोधन न्याय योजना को ठेंगा दिखाते शहर के मध्य गोकुल नगर स्थित गोबर खरीदी केंद्र को बंद कर दिया गया है।
पार्षद श्री आईच ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा किसानों, भूमिहीन कृषि मजदूरों, पशुपालकों और गोबर विक्रेताओं के आय के स्त्रोत को बढ़ाने के लिए पूरे प्रदेश में एक महत्वकांक्षी गोधन न्याय योजना की शुरूआत की थी। जिसके अंतर्गत स्थानीय गोकुल नगर में भी गोबर खरीदी केंद्र संचालित किया गया था। जिसमें वहां के निवासियों तथा अन्य लोगों द्वारा संकलित गोबर को खरीदे जा रहे थे, किन्तु अब देखने को मिल रहा है कि इस खरीदी केंद्र को बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक बंद कर मुख्यमंत्री के महत्वकांक्षी योजना पर ग्रहण लगा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि गोबर खरीदी बंद होने से पशुपालक बहुत परेशान हैं। वे समझ नहीं पा रहें हैं कि जमा किए हुए गोबर का अब क्या करें? क्योंकि जमा किए गए गोबर में पानी गिरने के कारण सडक़ एवं नाली में बहने लगा है। साथ ही इसकी बदबू लोगों के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहा है। यदि इसका तत्काल समाधान नहीं किया जाता है तो गंभीर बीमारी पनपने का खतरा बनते जा रहा है।
इस विषय में नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारियों से यह जानने का प्रयास किया गया, किन्तु उनके द्वारा किसी प्रकार का सतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
श्री आईच ने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने यह कहा था कि दीपावली एक बड़ा त्यौहार है, इसलिए गोधन न्याय योजना की राशि का भुगतान दीपावली के पूर्व हितग्राहियों को किया जाएगा, ताकि लोग धूमधाम से दीपावली मनाएं।