राजनांदगांव

अप्रैल-मई के बाद जून भी खूब तप रहा
08-Jun-2022 3:45 PM
अप्रैल-मई के बाद जून भी खूब तप रहा

  बारिश के इंतजार में बीत रहा दिन         

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जून।
अप्रैल-मई के बाद जून का महीना भी खूब तप रहा है। आलम यह है कि सुबह के तापमान का खाता 35 डिग्री सेल्सियस से खुल रहा है। लगातार बढ़ रहे तापमान से लू के हालात बने हुए हैं। भीषण गर्मी से लोग अब हलाकान हो चले हैं। चुभती गर्मी और लू के थपेड़ों से तंग लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बुधवार को भी सुबह से गर्म हवाओं ने लोगों को झकझोरकर रख दिया। लू के कारण लोगों की सेहत पर भी बिगड़ती चली जा रही है। इस साल गर्मी के तीखे तेवर से शहरी और ग्रामीण इलाकों में बेचैनी काफी रही। निस्तारी और पेयजल के लिए जल समस्या बराबर बनी रही। अलसुबह से देर रात तक गर्म हवाओं से पारा बढ़ते क्रम में रहा।

बढ़ते तापमान से बढ़ रहे मरीज
भीषण गर्मी के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। लोगों की सेहत भी तापमान के बढऩे से बिगड़ रही है। जिला अस्पताल से लेकर पेंड्री मेडिकल कॉलेज अस्पताल व अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। वर्तमान में सर्दी-खांसी, वायरल फीवर, पेट दर्द व अन्य मौसमी बीमारी से लोग ग्रसित हो रहे हैं। जिससे लोग इलाज कराने अस्पताल की ओर पहुंच रहे हैं।

एसी-कूलर से भी नहीं मिल रही राहत
जिले में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों को बेचैन कर दिया है। लोग आवश्यक काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। वहीं स्कॉर्फ, चश्मा, टोपी, ठंडे पेय समेत अन्य आवश्यक सामान लेकर लोग घरों से निकल रहे हैं। इधर घरों में रहने वाले लोगों को भी एसी औरकूलर भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहा है।

ठंडे पेय पदार्थों की बढ़ी मांग
भीषण गर्मी और तपिश से हलाकान लोग ठंडे पेय पदार्थों से राहत पाने की जुगत में नजर आ रहे हैं। लोग आईस्क्रीम, गन्ना रस, लस्सी समेत अन्य पेय पदार्थों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इसके अलावा लोग अन्य संसाधनों से गर्मी से राहत पाने मशक्कत कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट