राजनांदगांव

लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन की इजाजत कांग्रेस सरकार को नहीं - संतोष
13-May-2022 3:33 PM
लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन की इजाजत कांग्रेस सरकार को नहीं - संतोष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 मई।
आंदोलनों को लेकर राज्य की भूपेश सरकार के नए दिशा-निर्देशों के विरूद्ध प्रदेशभर में 16 मई को जेल भरो आंदोलन की घोषणा की गई है। इस सिलसिले में जिला भाजपा ने आंदोलन को लेकर व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी है। जिले में जहां मंडलों की बैठकें हो रही है, वहीं मंडल के पदाधिकारी शक्ति केन्द्रों में जाकर कार्यकर्ताओं को 16 मई के जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने के भगीरथ प्रयास में लगे हुए हैं।

भाजपा मीडिया सेल के अनुसार गत् दिनों जिला भाजपा कार्यालय में शहर व ग्रामीण मंडल की दो महत्वपूर्ण बैठके हुई। जिसमें राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्तााओं को लाने की योजना का काम प्रारंभ कर दिया।
शहर मंडल की बैठक को संबोधित करते वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष अग्रवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के कार्य की छूट राज्य सरकार को नहीं दी जा सकती। धार्मिक आयोजनों, राजनैतिक आंदोलनों व सामाजिक संगठनों के सार्वजनिक कार्यों को जिस तरह से भूपेश सरकार प्रतिबंधित करने 19 बिन्दुओं की नियमावली जारी की है, वह लोकतांत्रिक अधिकारों का खुलेआम हनन है, यह आपातकाल की मानसिकता से ग्रसित निर्णय है, इसके खिलाफ जिलेभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत ही 16 मई को हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जेल जाकर नागरिक अधिकारों की सुरक्षा का आंदोलन करेंगे। उन्होंने शहर मंडल के शक्ति केन्द्रों की जानकारी लेते प्रत्येक शक्ति केन्द्र से कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने का मंत्र दिया।

इसी प्रकार ग्रामीण मंडल की बैठक भाजपा नेता सचिन सिंह बघेल व राजेन्द्र गोलछा की उपस्थिति में प्रारंभ हुई। जिसमें ग्रामीण मंडल के सभी शक्ति केन्द्रों के लिए योजना बनाकर कार्य करने का आव्हान किया गया। बैठक में तरूण लहरवानी, ऋषिदेव चौधरी, नागेश यदु, सुमीत भाटिया, चंद्रभान जंघेल, संतोष सिंह, पंकज कुंजरेकर, मनोहर साहू, सुमीत आजमानी, प्रखर श्रीवास्तव, अशोकादित्य श्रीवास्तव, ललित नायडू, सज्जन सिंह ठाकुर, दीपेश शेण्डे, कमलेश लहरे, गणेश सुप्ले, मधु बैद, मिथलेश्वरी वैष्णव सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट