रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 नवंबर। राष्ट्रपिता की 23 नवम्बर 1933 को हुई ऐतिहासिक यात्रा की स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और इन संस्थाओं के गौरवशाली इतिहास से समाज को परिचित कराने के उद्देश्य से सोमवार को राष्ट्रीय विद्यालय में विशेष समारोह आयोजित किया जा रहा है।
23 नवम्बर 1933 को महात्मा गांधी ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने विक्टोरिया गार्डन ( मोतीबाग) में आयोजित स्वदेशी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके पश्चात वे मौदहापारा पहुंचे और वहां से राष्ट्रीय विद्यालय एवं हिन्दू अनाथालय आए। उन्होंने अप्रिष्यता निवारण यात्रा के दौरान यहां सभा आयोजित की थी। इस अवसर पर गांधीजी ने विद्यालय एवं अनाथालय के बच्चों से मुलाकात की। इन संस्थाओं में समाज के विभिन्न वर्गों के बच्चे निवास एवं शिक्षा प्राप्त करते थे। यह जानकर गांधीजी ने संस्था की संचालन समिति के कार्यों की विशेष सराहना की थी।
इन दोनों संस्थाओं के संचालन एवं विकास में छत्तीसगढ़ के प्रमुख राष्ट्रभक्त नेताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनमें पंडित रविशंकर शुक्ल, महंत लक्ष्मीनारायण दास, वामनराव लाखे, शिवदास डागा, ठाकुर प्यारेलाल सिंह, बालकृष्ण नत्थानी, नंदकुमार दानी एवं जमनालाल चोपड़ा सहित अनेक राष्ट्रसेवियों की भूमिका उल्लेखनीय रही। कालांतर में ये संस्थाएं छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक समरसता और स्वतंत्रता आंदोलन की गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित हुईं।
राष्ट्रीय विद्यालय एवं बाल आश्रम के अध्यक्ष अजय तिवारी तथा संचालन समिति के सदस्यों के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में इतिहास अध्ययनशाला, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर एवं छत्तीसगढ़ इतिहास परिषद के पदाधिकारी भी आयोजक के रूप में सहभागी होंगे। समारोह में शिक्षक, इतिहासकार, शोधार्थी, छात्र-छात्राएं, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारी, जन शामिल होंगे।