रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
तिल्दा-नेवरा, 21 नवंबर। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय ने ग्राम मढ़ी स्थित मेसर्स गौरी गणेश इस्पात प्राइवेट लिमिटेड पर 3 लाख 60 हजार रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की है। यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 के शिकायत पोर्टल पर प्राप्त प्रदूषण संबंधी शिकायत के बाद की गई।
शिकायतकर्ता जितेंद्र कुमार शर्मा ने उद्योग के खिलाफ पर्यावरण प्रदूषण संबंधी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की टीम ने उद्योग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण प्रतिवेदन के अनुसार, निरीक्षण के दौरान उद्योग संचालित पाया गया। जल प्रदूषण नियंत्रण के लिए उद्योग में एसटीपी, न्यूट्रलाइजेशन एवं सेटलिंग व्यवस्था स्थापित और संचालित मिली। निरीक्षण के समय शून्य निस्सारण की स्थिति दर्ज की गई।
वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए ईएसपी और बैग फिल्टर स्थापित एवं संचालित पाए गए। फ्यूजिटिव डस्ट के नियंत्रण के लिए वाटर स्प्रिंकलर की व्यवस्था भी मिली। निरीक्षण प्रतिवेदन में जल एवं वायु प्रदूषण की स्थिति सामान्य बताई गई।
मंडल के अनुसार, शिकायत के संबंध में पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान पाई गई परिस्थितियों के आधार पर उद्योग को वायु (प्रदूषण निवारण तथा नियंत्रण) अधिनियम, 1981 की धारा 31-क के तहत नोटिस जारी किया गया था।
इसके बाद उल्लंघन अवधि के लिए उद्योग पर 3 लाख 60 हजार रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई। इस संबंध में क्षेत्रीय अधिकारी, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा आदेश जारी किया गया है।