रायपुर

डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस में साइबर अपराध और सुरक्षा पर बनेगी कार्ययोजना
21-Nov-2026 8:39 PM
डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस में साइबर अपराध और सुरक्षा पर बनेगी कार्ययोजना

7 को तिरूपति में पीएम करेंगे कांफ्रेंस का उद्घाटन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 नवंबर। देशभर के डीजीपी और आईजी कांफ्रेंस में साइबर अपराध और सुरक्षा को लेकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। यह कांफ्रेंस 7 दिसंबर को तिरुपति में होने जा रही है। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

बताया गया कि डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसमें डीजीपी अरुण देव गौतम और आईजी के अलावा एक जिले के एसपी को भी भेजा जा सकता है। वैसे तो कांफ्रेंस दो दिन चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 दिसंबर को इसका उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अलावा एनएसए अजीत डोभाल प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे।

पिछली बार डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस नवा रायपुर में हुई थी। तब नक्सलवाद और आंतरिक सुरक्षा पर विशेष रूप से चर्चा हुई थी। इसे लेकर कार्ययोजना तैयार की गई थी। इसमें नक्सलवाद को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई थी। उसी के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में नक्सलवाद का खात्मा हुआ।

सूत्रों के मुताबिक इस बार डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस में साइबर क्राइम पर फोकस रहेगा। इसमें आईबी, एनआईए और सीबीआई सहित अन्य एजेंसियों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में अपराध नियंत्रण और जांच में राज्यों के बीच समन्वय पर विशेष रूप से चर्चा होगी।


अन्य पोस्ट