रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 नवंबर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर छत्तीसगढ़ में लगातार देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं ठंड बढऩे के साथ ही शनिवार सुबह से ही राजधानी सहित आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक रायपुर में आसमान में बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने 21 और 22 नवंबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक के साथ वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ दक्षिणी ओडिशा और उससे लगे उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के तट को पार कर चुका है। इसके ओडिशा के ऊपर से उत्तर-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढऩे तथा अगले कुछ घंटों में कमजोर होकर गहरे अवदाब और बाद में अवदाब में तब्दील होने की संभावना है।
सात दिवसीय मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 नवंबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 24 से 26 नवंबर तक एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इन दिनों के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। जबकि 27 नवंबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।