रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 नवंबर। नगर निगम ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग प्रारंभ कर दी है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से अब कचरा संग्रहण वाहनों के संचालन, समयबद्धता एवं निर्धारित मार्गों की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से की जा रही है। पूर्व में कचरा संग्रहण वाहनों की मॉनिटरिंग मुख्यत: मैनुअल तरीके से की जाती थी।
नई डिजिटल व्यवस्था के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि वाहन अपने निर्धारित मार्ग पर तय समयानुसार संचालित हो रहे हैं अथवा नहीं। यदि कोई वाहन किसी स्थान पर निर्धारित समय से अधिक समय तक रुकता है, तो इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल एंड कमांड सेंटर को अलर्ट के रूप में प्राप्त हो जाती है, जिससे आवश्यक कार्रवाई समय रहते की जा सकती है।
रियल टाइम मॉनिटरिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर क्षेत्रवार एवं मार्गवार विश्लेषण भी किया जा रहा है। इससे यह निर्धारित करने में सहायता मिल रही है कि किस रूट पर कितने वाहनों की आवश्यकता है, ट्रांसफर स्टेशन से संबंधित मार्ग तक पहुँचने में कितना समय लगता है तथा किस क्षेत्र में अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता है।