रायपुर

बीमारी का बहाना बना काम छोड़ा, 370 ग्राम सोना लेकर भागे दो कारीगर
21-Nov-2026 8:47 PM
बीमारी का बहाना बना काम छोड़ा, 370 ग्राम सोना लेकर भागे दो कारीगर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 नवम्बर। राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित पांजा ज्वेलर्स के दो कारीगरों पर अमानत में खयानत का आरोप लगा है। कारखाना संचालक ने दो सगे भाइयों प्रशांत बार एवं विकास बार पर 370 ग्राम सोना लेकर बिना बताए काम छोडक़र चले जाने और सोना वापस न करने का आरोप लगाया है। उसने दानों भाईयों के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ 3(5), 316-4 का अपराध दर्ज किया है।

दिनेश पांजा ने पुलिस को बताया कि आरोपी मूलत: पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के राधाकांतपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। पिछले करीब आठ वर्षों से रायपुर के बूढ़ापारा में किराए के मकान में रह रहे थे।  पांजा ज्वेलर्स में आभूषण बनाने का काम करते थे। उसके कारखाने में करीब 15 कारीगर काम करते हैं। इनमें प्रशांत बार और उसका छोटा भाई विकास बार भी पिछले आठ वर्षों से कारीगरी का काम कर रहे थे।

 गोलछा ब्रदर्स की ओर से 24 कैरेट सोने का मेटल (डल्ला) और रॉ मटेरियल दिया गया था। जिससे 22 कैरेट के आभूषण तैयार किए जाने थे। इस सिलसिले में 23 अप्रैल को मैनेजर विद्युत सामंत के माध्यम से प्रशांत बार को 260.694 ग्राम और 24 अप्रैल को विकास बार को 109.306 ग्राम सोना दिया गया था।

23 अप्रैल की शाम प्रशांत बार ने पत्नी की तबीयत खराब होने और घर जाने की बात कहकर कारखाना छोड़ दिया। उसने आभूषण बनाने के लिए मिला सोना अपने छोटे भाई विकास बार के पास छोडऩे की बात कही थी। इसके अगले दिन शाम विकास बार भी बिना सूचना दिए कारखाना छोडक़र चला गया और अपने पास रखा सोना भी ले गया।

कारखाना संचालक के मुताबिक दोनों भाइयों के पास  370 ग्राम सोना था। सोना वापस मांगने के लिए प्रशांत बार से कई बार मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन वह विकास बार के सोना लेकर फरार होने की बात कहकर टालता रहा। इसके बाद कारखाने के कर्मचारियों के साथ प्रशांत बार के घर पहुंचने पर दोनों भाई वहां मिले। उनसे सोना वापस करने की मांग की गई तो उन्होंने कुछ सोना बेच देने और बाकी सोने को लौटाने की बात कही। लेकिन अब तक सोना वापस नहीं किया गया है।

 समय बीत जाने के बाद भी सोना नहीं मिलने पर कारोबारी ने कोतवाली जाकर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट