रायपुर

अकवान से फसल क्षति होने पर 72 घंटे के भीतर दें सूचना, फसल बीमा योजना के तहत मिलेगा लाभ
21-Nov-2026 8:38 PM
अकवान से फसल क्षति होने पर 72 घंटे के भीतर दें सूचना, फसल बीमा योजना के तहत मिलेगा लाभ

कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर दर्ज कराएं शिकायत, बीमा कंपनी द्वारा 10 दिनों के भीतर कराया जाएगा सर्वेक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 नवंबर। चक्रवाती तूफान अकवान के  फसल पर पड़े प्रभाव  कृषि विभाग ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी खड़ी एवं कटाई के बाद खेतों तथा खलिहानों में रखी धान की फसल को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानी बरतें। साथ ही चक्रवाती तूफान और असामयिक वर्षा के कारण फसलों को नुकसान पहुंचने की स्थिति में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत निर्धारित समय-सीमा में इसकी सूचना अनिवार्य रूप से दें, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा दावा राशि का लाभ मिल सके।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि समय रहते फसल की सुरक्षा के उपाय अपनाएं और नुकसान होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल क्षति की सूचना नुकसान होने के 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर इसकी सूचना दर्ज कराएं।समय पर सूचना प्राप्त होने के बाद बीमा कंपनी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 10 दिनों के भीतर प्रभावित फसल का सर्वेक्षण कराया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान फसल की वास्तविक स्थिति, नुकसान की प्रकृति और क्षति का आकलन कर संबंधित विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। इसके आधार पर योजना के प्रावधानों के अनुरूप पात्र किसानों के बीमा दावों का निराकरण किया जा सकेगा।

कटाई के बाद खेतों में रखी धान की फसल के लिए भी बीमा प्रावधान

कृषि विभाग ने जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए रखी गई बीमित धान की फसल, जिसे स्थानीय भाषा में करपा कहा जाता है, के लिए भी निर्धारित शर्तों के अनुसार बीमा सुरक्षा का प्रावधान है। यह प्रावधान फसल कटाई के बाद अधिकतम 14 दिनों की अवधि तक लागू होता है।

इस अवधि में निर्धारित जोखिमों के कारण फसल को नुकसान होने पर किसान निर्धारित समय-सीमा में सूचना देकर बीमा दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। विभाग ने किसानों से कहा है कि वे कटाई के बाद खेतों में रखी धान की फसल की विशेष निगरानी करें तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए उसे सुरक्षित रखने के समुचित प्रबंध करें।

 

बर्बाद फसलों पर सभी किसानों का कर्ज माफ करे सरकार-डहरिया

पटवारियों की हड़ताल और धान खरीदी की अव्यवस्थाओं को लेक सरकार पर निशाना, शत-प्रतिशत मुआवजे की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर/आरंग, 21  नवंबर। प्रदेश में बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान और धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्थाओं को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता डॉ. शिवकुमार डहरिया ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रदेश के सभी किसानों का संपूर्ण कृषि ऋण माफ करने और बारिश से बर्बाद फसलों का शत-प्रतिशत मुआवजा देने की मांग की है।

डॉ. डहरिया ने कहा कि प्रदेश का किसान दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर बेमौसम बारिश से खेतों में खड़ी और खलिहानों में रखी धान की फसल को नुकसान पहुंचा है, वहीं दूसरी ओर सरकारी अव्यवस्थाओं के कारण किसानों की परेशानी बढ़ गई है। किसानों की फसल बर्बाद हो रही है, लेकिन सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है।

पटवारियों की हड़ताल से खरीदी प्रभावित

उन्होंने कहा कि पटवारियों की हड़ताल के कारण गिरदावरी और राजस्व दस्तावेजों से जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं। इसका सीधा असर धान खरीदी पर पड़ रहा है। किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हो रहे हैं। सरकार को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर खरीदी प्रक्रिया सुचारू करनी चाहिए।

सर्वे और मुआवजे पर उठाए सवाल

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रभावित क्षेत्रों में अब तक फसल क्षति का वास्तविक सर्वे नहीं कराया गया है। मुआवजे के नाम पर केवल कागजी कार्रवाई हो रही है। उन्होंने सरकार से तीन मांगें रखीं। इनमें सभी किसानों का अल्पकालीन कृषि ऋण माफ करना, बारिश से नष्ट धान और अन्य फसलों का तत्काल सर्वे कर प्रति एकड़ उचित मुआवजा देना तथा पटवारियों की हड़ताल से उत्पन्न गतिरोध दूर कर धान खरीदी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करना शामिल है।

डॉ. डहरिया ने चेतावनी दी कि सरकार ने किसानों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस उनके अधिकारों के लिए सडक़ से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।


अन्य पोस्ट