रायपुर

किसानों की फसल बर्बाद, सरकार नुकसान का सर्वे तक नहीं करा रही-बैज
21-Nov-2026 8:50 PM
किसानों की फसल बर्बाद, सरकार नुकसान का सर्वे तक नहीं करा रही-बैज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 नवंबर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। प्रदेश में पिछले 24 दिनों में आए तीन चक्रवाती तूफानों से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। लेकिन सरकार अब तक फसल क्षति का आकलन तक नहीं करा पाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की उदासीनता के कारण लाखों किसान बर्बादी की कगार पर पहुंच गए हैं। राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दीपक बैज ने कहा कि चक्रवाती तूफान अर्नव, मुरासू और अब अकवान ऐसे समय आए हैं, जब किसानों की धान की फसल तैयार थी। बेमौसम बारिश के कारण खेतों में कटी पड़ी धान की फसल भीगकर खराब हो गई है। कई किसानों का धान खरीदी केंद्रों में पहुंचने के बाद बारिश की चपेट में आ गया। वहीं खेतों में कटकर रखी फसल के भी खराब होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में पहले ही 1083 गांवों के 74 हजार से अधिक लोग और 6154 हेक्टेयर से ज्यादा फसल प्रभावित हो चुकी है। पूरे प्रदेश में लाखों हेक्टेयर धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।

बैज ने कहा कि पिछले दो चक्रवाती तूफानों अर्नव और मुरासू से हुए नुकसान का सरकार ने अब तक सर्वे नहीं कराया है। तीसरे तूफान अकवान का प्रभाव भी जारी है, लेकिन किसानों की क्षति का आकलन करने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। किसानों ने धान बेचने के लिए टोकन कटवा लिया था, लेकिन खराब मौसम के कारण तीन-चार दिनों तक खरीदी केंद्रों में धान नहीं बेच सके। इसके चलते उनके टोकन की समय सीमा भी समाप्त हो गई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पटवारियों की हड़ताल को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पटवारी हड़ताल पर हैं। फसल क्षति का आकलन मुख्य रूप से पटवारियों के माध्यम से कराया जाता है, लेकिन सरकार हड़ताल समाप्त कराने में नाकाम रही। इससे साफ है कि सरकार किसानों को क्षतिपूर्ति देने के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने फसल बीमा कंपनियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कंपनियां प्रीमियम लेने के बावजूद किसानों को समय पर लाभ नहीं दे रही हैं और सरकार उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है।

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में सरकार से तत्काल राहत देने की मांग करती है। पार्टी ने तीनों चक्रवाती तूफानों से हुए फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को क्षतिपूर्ति देने, बीमा कंपनियों को नुकसान का आकलन कर शीघ्र बीमा राशि जारी करने के निर्देश देने और राजस्व पुस्तिका 6/4 के प्रावधानों के तहत किसानों को आपदा राहत राशि देने की मांग की है।

इसके अलावा सभी ब्लॉकों में कृषि अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाकर फसल बीमा कंपनियों के कामकाज की निगरानी करने, धान की क्षतिपूर्ति प्रति एकड़ 21 क्विंटल उत्पादन और 3100 रुपये प्रति क्विंटल के आधार पर तय करने की मांग की गई है। कांग्रेस के अनुसार, इस गणना के आधार पर किसानों को 65,100 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाना चाहिए। धान नहीं बेच पाने वाले किसानों के टोकन दोबारा जारी करने, मौसम की स्थिति को देखते हुए धान खरीदी की समय-सीमा 15 दिन बढ़ाने तथा पटवारी हड़ताल समाप्त कराने के लिए सरकार से तत्काल पहल करने की मांग भी की है।

इस पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री सकलेन कामदार, प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा, वंदना राजपूत, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे, राजनांदगांव जिला अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार, संयुक्त महामंत्री अशोक राज आहुजा और वरिष्ठ प्रवक्ता सत्य प्रकाश सिंह सहित अन्य नेता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट