रायपुर
निर्धारित किराये से अधिक वसूली और दव्र्यवहार पर होगी कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 नवंबर। माना एयरपोर्ट पर संचालित ओला, उबर, रैपिडो और अन्य टैक्सी ऑपरेटरों को यात्रियों से शालीन व्यवहार करने और निर्धारित किराया लेने की हिदायत दी गई है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने टैक्सी ऑपरेटरों की बैठक लेकर स्पष्ट चेतावनी दी है कि किराये और बुकिंग को लेकर विवाद या यात्रियों से दुर्व्यवहार करने पर संबंधितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सीएसपी माना कार्यालय में टैक्सी ऑपरेटरों की बैठक ली। इसमें यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने, सम्मानजनक व्यवहार करने तथा शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित किराया ही लेने के निर्देश दिए गए। साथ ही टैक्सी बुकिंग और किराये को लेकर किसी तरह का विवाद या लड़ाई-झगड़े की स्थिति निर्मित नहीं करने की समझाइश दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने ऑपरेटरों को नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि उल्लंघन, दुर्व्यवहार और किराये को लेकर विवाद की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।