रायपुर

दीपावली में बस्तर में बरपेगा कहर, आ रहा साइक्लोन
19-Oct-2022 4:47 PM
दीपावली में बस्तर में बरपेगा कहर, आ रहा साइक्लोन

25-26 को मध्य छत्तीसगढ़ में भी दिखेगा असर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 अक्टूबर। 
अगले दो तीन दिनों में मानसून छत्तीसगढ़ से पूरी तरह से विदा हो रहा है। साथ ही इससे बुरी खबर यह है कि इसके पीछे एक साइक्लोन (तूफान) भी आ रहा है।
वेदर बुलेटिन के मुताबिक यह साइक्लोन अभी आकार ले रहा है। प्रारंभिक स्थिति में इसका असर दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि इस साइक्लोन के बादल 23 अक्टूबर से छाने शुरू हो जाएंगे और 24 यानी दीवाली की शाम जमकर बरसेंगे। जो तेज तुफानी हवाओं के साथ होंगे। ये तूफानी बादल दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर में कहर ला सकते हैं। 25-26 को मध्य छत्तीसगढ़ में बरसेंगे।

वेदर बुलेटिन के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के विदाई रेखा लुमडिंग, कैलाशहर ,बहरामपुर, कानके, बिलासपुर, ब्रह्मपुरी, बुलढाणा, दहानू है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून के विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं, जिसके कारण प्रदेश में अगले 2 दिन में प्रदेश के कुछ और भाग से मानसून की विदाई संभव है।
प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से पर्याप्त मात्रा में नमी आ रही है जिसके कारण कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात भी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का आंकलन है कि दीवाली के दिन बारिश हो सकती है। इसके चलते बाजारों में खासकर पटाखा बाजार में कम बिक्री की आशंका जताई जा रही है।

ग्रहण की वजह से तूफान
दूसरी ओर भविष्यफल देखने वाले विद्वान पंडित कह रहे हैं कि यह तूफान अगले एक पखवाड़े में पड़ रहे दो ग्रहणों की वजह से भी आ रहा है। 25 अक्टूबर को साल का आखिरी सूर्य ग्रहण  और 8 नवंबर को इस साल का आखिरी चंद्र ग्रहण होगा. इन दो ग्रहण में सिर्फ 15 दिनों का अंतर रहेगा. ये दोनों ही ग्रहण भारत में कुछ जगहों पर दिखाई देंग। इसलिए इन ग्रहण का सूतक काल भी मान्य होगा। ज्योतिष अनुसार, जो ग्रहण अपने क्षेत्र में दिखाई दे तो उसका सूतक काल माना जाता है।

ये राशि होगी ज्यादा प्रभावित
सूर्य ग्रहण के समय सूर्य देव तुला राशि में रहेंगे. जिस कारण इस दौरान तुला राशि के लोग सबसे अधिक प्रभावित होंगे. सेहत बिगड़ सकती है. वहीं चंद्र ग्रहण के समय चंद्रमा मेष राशि में रहेगा जिसका असर मेष राशि वालों की हेल्थ और आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा. वृषभ- सूर्यग्रहण वृषभ राशि वालों के लिए थोड़ा परेशान करने वाला हो सकता है, इसके अलावा मिथुन राशि वालों को व्यापार में सावधान रहने की आवश्यकता है. कन्या राशि को भी पैसों की तंगी हो सकती है. तुला वालों को अपना सेहत का ध्यान रखना होगा.

सूर्य ग्रहण: सूर्य ग्रहण 25 अक्टूबर  को लगेगा और भारत के साथ-साथ विश्व के कई देशों में दिखाई पड़ेगा. इसका प्रभाव भारत में बेहद आंशिक रहेगा, अत: सूतक मान्य नहीं रहेगा। ग्रहण का समय: 25 अक्टूबर को शाम 4.29 मिनट पर शुरू होकर शाम 5.42 मिनट पर समाप्त होगा।

चंद्र ग्रहण:  8 नवंबर को भी पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। भारत तथा विश्व और कई देशों में दिखाई पड़ेगा।इसका प्रभाव भारत में भी दिखाई देगा। अत: सूतक भी मान्य रहेगा। इस दौरान ग्रहण से संबंधित सभी नियमों का पालन जरूरी रहेगा। ग्रहण का समय : 8 नवंबर  को दोपहर 1.32 मिनट से शुरू होगा तथा शाम 7.27 मिनट पर समाप्त होगा।


अन्य पोस्ट