रायपुर

कैबिनेट कल, किसानों को मिलेंगे 18 सौ करोड़ रूपए
16-Oct-2022 6:10 PM
कैबिनेट कल, किसानों को मिलेंगे 18 सौ करोड़ रूपए

 दीपावली बाजार में आएगा बड़ा बूम, सरकार ने कल ही डीए और एरियर्स की घोषणा की थी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में सोमवार को 11 बजे से कैबिनेट की बैठक रखी गई है। बैठक सीएम हाऊस में होगी। इसमें आदिवासी आरक्षण को लेकर हाईकोर्ट के फैसले पर चर्चा के साथ कई अन्य प्रस्ताव भी पारित होंगे। साथ ही विधानसभा में विशेष सत्र पर भी फैसला हो सकता है। इस बैठक में सीएम और मंत्रिमंडल किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किस्त के साथ राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना और गोधन न्याय योजना की राशि का ऑनलाइन भुगतान होगा। किसानों, भूमिहीन कृषि मजदूरों और गोबर विक्रेताओं को लगभग 1800 करोड़ रूपए से अधिक की राशि का भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा दीपावली हम सब के लिए बड़ा त्यौहार है। दीपावली के पहले राशि मिलने से हम सब धूमधाम से दीपावली मनाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों के खाते में 8 करोड़ 13 लाख रूपए की राशि का ऑनलाईन अंतरण करते हुए यह जानकारी दी। इस राशि में से गोबर विक्रेता पशुपालकों, ग्रामीणों को 5.34 करोड़ रुपए की राशि, गौठान समितियों को 1.69 करोड़ और महिला स्व सहायता समूहों को 1.11 करोड़ रूपए की लाभांश राशि वितरित की गई। गोबर विक्रेताओं को आज भुगतान की गई राशि को मिलाकर गोबर खरीदी के एवज में अब तक 170.34 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है।

इस अवसर पर गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, कृषि विभाग के विशेष सचिव डॉ. अय्याज एफ. तम्बोली, मिशन संचालक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन श्री अवनीश शरण, संचालक पशुधन श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, कृषि विभाग के उप सचिव सुश्री तूलिका प्रजापति भी उपस्थित थीं।


अन्य पोस्ट