रायपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 अक्टूबर। संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज सिंह मंडावी के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि मनोज सिंह मंडावी ने नवगठित छत्तीसगढ़ के गृह राज्यमंत्री और विधानसभा के उपाध्यक्ष सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया। मनोज सिंह मंडावी आदिवासी समाज के बड़े जुझारू नेता थे। वे आदिवासियों की समस्याओं को विधानसभा में प्रभावशाली ढंग से रखते थे। श्री मंडावी आदिवासी समाज की उन्नति और अपने क्षेत्र के विकास के लिए सदैव प्रयासरत रहे। नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया ने कहा प्रदेश के विकास में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनका निधन हम सबके लिए अपूरणीय क्षति है। चौबे और डहरिया ने मनोज सिंह मंडावी के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी के निधन पर पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने गहरा दुख जताते हुए उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धाजंली अर्पित किया है ।उनके निधन से कांग्रेस ने असीम सम्भावनाओ से भरा अपना कर्मठ नेता खो दिया । वे आदिवासी समाज की मजबूत आवाज थे उनका इस तरह जाना हृदय विदारक है ।ईश्वर उनके परिजनों को इस वज्राघात को सहने की शक्ति दे।
मनोज मंडावी कर्मठ जननेता थे- चंदेल
छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी के निधन को राज्य की बड़ी क्षति बताते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। नेता प्रतिपक्ष श्री चंदेल ने कहा कि मनोज मंडावी ने विधानसभा उपाध्यक्ष के रूप में अपने कार्य व्यवहार से अमिट छाप छोड़ी है। विधायक बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, पूर्व विधायक राजेश मूणत ने अपनी श्रद्धांजलि में कहा वे सरल, सहज और जुझारू जननेता थे।
मंडावी को आप की श्रद्धांजलि
छत्तीसगढ़ विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी के दुखद निधन पर आम आदमी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी एवं आम आदमी पार्टी नेता विजय कुमार झा ने विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मृत आत्मा को शांति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।