रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 25 नवंबर। चक्रधरनगर थाना में पंजीबद्ध धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले वायरल वीडियो प्रकरण में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। साइबर सेल और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों अमित आहुजा और मुकेश नारवानी को पकडक़र न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ज्ञात हो कि 30 अक्टूबर को सिंधी कॉलोनी बेलादूला निवासी विजय राजपूत सहित अन्य लोगों के विरुद्ध वायरल वीडियो के माध्यम से धार्मिक भावनाओं को भडक़ाने के संवेदनशील मामले पर अपराध पंजीबद्ध किया गया था। इस मामले में धारा 296, 299, 302, 352, 3(5) बीएनएस तथा 66 (च) (2) आईटी एक्ट़3 (2)(क) एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
मुख्य आरोपी विजय राजपूत को पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान विजय के मेमोरेंडम बयान में उसके दो साथियों अमित आहुजा और मुकेश नारवानी द्वारा वीडियो बनाने और उसे व्हाट्सऐप पर प्रसारित करने की संलिप्तता सामने आई थी। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार थे।
पुलिस द्वारा निरंतर पतासाजी और तकनीकी निगरानी के बाद दोनों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए रिमांड पर भेज दिया गया।


