रायगढ़

मछली पालन कार्यालय में आग, लाखों की सरकारी संपत्ति खाक
09-Feb-2026 7:15 PM
मछली पालन कार्यालय में आग, लाखों की सरकारी संपत्ति खाक

रायगढ़, 9 फरवरी। रायगढ़ जिला मुख्यालय में रविवार की शाम सहायक संचालक मछली पालन विभाग में अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार शहर के केलो विहार के पास स्थित मछली पालन विभाग के स्टोर रूम में रविवार की शाम 5 बजे के आसपास आग लग गई। बताया जा रहा है कि आगजनी की घटना में स्टोर रूप में रखे मछली जाली, दस्तावेज व अन्य सामान जलकर खाक हो गए। घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने चक्रधरनगर थाने के अलावा फायर बिग्रेड की टीम को दी।

 जिसके बाद मौके पर पहुंचे दमकल के दो वाहनों के द्वारा तकरीबन तीन घंटे के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका, तब जाकर क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। आशंका जताई जा रही है कि शार्ट सर्किट होनें की वजह से आग लगी होगी, फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि सहायक संचालक मछली पालन विभाग के कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस बल एवं फायर बिग्रेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया है। आगजनी में क्या नुकसान हुआ इसकी जानकारी अभी नही मिल सकी है।


अन्य पोस्ट