रायगढ़
रायगढ़, 2 नवंबर। जिले के डॉ. राजेंद्र कुमार अग्रवाल उर्फ डॉ. राजू ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पत्र कांग्रेस शहर अध्यक्ष को भेजा है। पत्र में डॉ. राजू ने लिखा है कि वे कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित रहे हैं, लेकिन अब वे समाज सेवा में अधिक समय देना चाहते हैं, इसलिए वे पार्टी की सदस्यता छोड़ रहे हैं।
डॉ. राजू ने वर्ष 2018 और 2023 में कांग्रेस से रायगढ़ विधानसभा टिकट के लिए प्रयास किया था। 2018 में तो उन्हें टिकट मिलने की पूरी संभावना थी, लेकिन अंतिम समय में फैसला उनके पक्ष में नहीं गया। इसके बावजूद वे कांग्रेस संगठन के एक सम्मानित और प्रभावशाली नाम रहे। हालांकि वे सक्रिय राजनीति में बहुत ज्यादा दिखाई नहीं देते थे, मगर स्थानीय स्तर पर उनकी पहचान एक कांग्रेस विचारधारा से जुड़े व्यक्ति के रूप में रही है।
इस पूरे मामले पर कांग्रेस शहर अध्यक्ष अनिल शुक्ल ने बताया कि डॉ. राजू ने व्यक्तिगत कारणों से पार्टी से इस्तीफा दिया है। हमने उनसे एक बार और विचार करने की अपील की थी, लेकिन उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब वे समाजसेवा के कार्यों में अपना समय देना चाहते हैं।
राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि डॉ. राजू का इस्तीफा रायगढ़ कांग्रेस के लिए एक झटका है, क्योंकि वे लंबे समय से पार्टी से जुड़े रहे और कई कार्यकर्ता उन्हें एक मार्गदर्शक के रूप में देखते थे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि डॉ. राजू आगे समाजसेवा के क्षेत्र में किस तरह की भूमिका निभाते हैं।


