रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 18 अक्टूबर। जिले की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था संस्कार पब्लिक स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने दीपोत्सव के पूर्व शुक्रवार को धूमधाम के साथ दीपावली का त्यौहार मनाया। बच्चों ने फुलझड़ी जलाकर व पटाखे फोडक़र त्यौहार की खुशियां मनाईं। इसमें स्कूल परिवार का साथ मिलने पर उनकी खुशी दुगुनी हो गई। स्कूल के मार्गदर्शक रामचंद्र शर्मा, प्राचार्य रश्मि शर्मा, एक्टिंग डायरेक्टर सीपी देवांगन सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों को दीपावली त्यौहार का धार्मिक व पौराणिक महत्व बताते हुए उनके साथ खूब फुलझड़ी जलाई।
स्कूल के मार्गदर्शक रामचंद्र शर्मा ने बताया कि हमारी संस्था में हर तीज-त्यौहार को धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इसके माध्यम से बच्चों को हमारी परंपरा, संस्कृति व त्यौहारों की जानकारी भी मिलती है। इसी कड़ी में शुक्रवार को दीपावली सेलिब्रेट किया गया। इसे लेकर बच्चे भी काफी उत्साहित थे। सबसे पहले बच्चों को दीपावली त्यौहार के बारे में बताया गया। उसके बाद स्कूल परिवार ने बच्चों के साथ फुलझड़ी जलाकर आतिशबाजी की गई। संस्था की इस पहल की अभिभावकों ने भी खूब सराहना की। बच्चे तो काफी खुश नजर आए। घर में तो वे अपने परिवार वालों के साथ त्यौहार मनाते हैं, लेकिन स्कूल में उन्हें उनके टीचर्स के साथ दिवाली सेलिब्रेट करने का मौका मिला।
उपहार भेंटकर दी दीपावली की शुभकामनाएं
स्कूल परिवार ने एक ओर बच्चों के साथ दीपावली का त्यौहार मनाया, तो दूसरी ओर स्कूल के टीचर्स व अन्य स्टाफ को उपहार भेंटकर दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। स्कूल की प्राचार्य श्रीमती रश्मि शर्मा ने कहा कि स्कूल का स्टाफ हमारा परिवार है। टीचर्स व कर्मचारियों के सामूहिक उत्तरदायित्व के कारण ही हमारा स्कूल निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। दीपावली त्यौहार की छुट्टी के पूर्व ही हमने अपने स्कूल परिवार के साथ यह खुशियां मनाईं। इससे हमारे बीच संबंध और भी प्रगाढ़ हुआ।


