रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 10 अक्टूबर। संगठन की मजबूती, आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ संबलपुरी मण्डल का प्रथम सम्मेलन उत्साहपूर्ण और ऐतिहासिक माहौल में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य विषय जीएसटी 2.0 रिफॉर्म और आत्मनिर्भर भारत रहा, जिसमें मण्डल एवं जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सम्मेलन के प्रमुख वक्ताओं में विनायक पटनायक, अशोक अग्रवाल, बंसी चौधरी और स्नेहलता सिदार शामिल रहे।
जिला भाजपा के सह प्रवक्ता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक अग्रवाल ने जीएसटी2.0 रिफॉर्म पर अपने विचार रखते हुए कहा कि नई जीएसटी व्यवस्था व्यापार जगत में पारदर्शिता और सरलता लाने के साथ-साथ छोटे व्यापारियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। उन्होंने कहा कि यह सुधार आत्मनिर्भर भारत की आर्थिक रीढ़ बनेगा।और भारतीय जनता पार्टी के हर छोटे बड़े कार्यकर्ता को विश्व के सबसे बड़ी आर्थिक सुधार जीएसटी 2.0 की उपलब्धियों को समाज के अंतिम पंक्ति तक ले जाकर इसे जन चर्चा का विषय बनाना है।जिला भाजपा के उपाध्यक्ष एवं संबलपुरी मण्डल के प्रभारी विनायक पटनायक ने आत्मनिर्भर भारत पर बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और युवाओं को स्टार्टअप्स के लिए प्रोत्साहन देना इसका सशक्त उदाहरण है। आज हम सब को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने एवं विदेसी वस्तुओं को त्याग करने का संकल्प के साथ 2047 तक भारत देश को विकसित देश बनाने में अपना सहयोग देना है। जिला पंचायत के सदस्य बंसी चौधरी ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि एक मजबूत संगठन ही जनता के बीच भरोसे का प्रतीक होता है। 4 सत्र में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो,जिला के पूर्व प्रवक्ता मनीष शर्मा,जनपद के उपाध्यक्ष रामश्याम डनसेना एवम पार्षद कमल पटेल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता किया।
कार्यक्रम की शुरुवात माँ भारती के चित्र में पूजा अर्चना एवं पुष्प चढ़ा कर की गई। मण्डल के ऊर्जावान अध्यक्ष कमल पटेल ने कार्यक्रम का प्रस्ताव रखा एवं महामंत्री खुशीराम अजय द्वारा मंच संचालन किया गया, अंत में आभार प्रदर्शन मुकेश अग्रवाल द्वारा किया गया।


