रायगढ़
3 घंटे तक जाम में फंसे वाहन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 29 सितंबर। एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सडक़ जाम कर दिया। घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है। चक्काजाम की वजह से घंटों तक यातायात ठप रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, रैरूमा गांव के जंगल किनारे 18 वर्षीय माइकल मिंज का शव पेड़ से फांसी पर लटका मिला था। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। इसी बीच, ग्रामीणों को लगा कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं हो रही है। इसको लेकर 25 सितंबर को बड़ी संख्या में ग्रामीण रैरूमाखुर्द नवापारा चौक पर जमा हुए और सडक़ जाम कर दी।
ग्रामीणों के अचानक चक्काजाम से सडक़ पर लंबा जाम लग गया। पत्थलगांव से कोरबा की ओर जाने वाली आदर्श बस सहित कई भारी वाहन फंस गए। बस में सवार यात्री और पुलिसकर्मी ग्रामीणों को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन करीब 3 से 4 घंटे तक स्थिति जस की तस बनी रही। यात्रियों को इस दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लंबे समय तक जाम में फंसी आदर्श बस के चालक अजय कुमार सारथी (40 वर्ष) ने आखिरकार धरमजयगढ़ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर रैरूमाखुर्द गांव के मिलन खलखो, लीनुस टोप्पो, विजय कुजूर समेत 6-7 ग्रामीणों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला संवेदनशील है और मृत युवक की मौत की जांच जारी है। वहीं, सडक़ जाम करने वाले ग्रामीणों पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।


