रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 28 सितंबर। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में शनिवार की शाम दो बाईक की सामने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। इस घटना का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम बरमकेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरमकेला-सण्डा मार्ग में स्थित पेट्रोल पंप के पास पेट्रोल भरवाकर निकल रहे बाईक और सरिया की तरफ से तेज गति से आ रहे बाईक सवार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में सरिया की तरफ से आ रहे बाईक सवार देवसिंह चौहान उम्र 25 पिता चक्रधर सिंह चौहान की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि दूसरा युवक घायल हो गया है। मृतक सण्डा गांव का ही रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बरमकेला पुलिस मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
सडक़ दुर्घटना का वीडियो पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ हैं जिसमें देखा जा रहा है कि एक युवक पेट्रोल पंप से निकल रहा था। ठीक इसी दौरान सरिया की तरफ से तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने लापरवाही पूर्वक चलाते हुए दूसरे बाईक सवार को ठोकर मारते हुए स्वयं गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई।


