रायगढ़
आरोपी से 19 सुलेशन ट्यूब जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 22 सितंबर। जूटमिल पुलिस ने नाबालिगों को नशे के रूप में सुलेशन बेचने वाले आरोपी पर बड़ी कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव को सूचना मिली कि शेख अहसान उद्दीन कादरी नाम का व्यक्ति मोटरसाइकिल की डिक्की में सुलेशन ट्यूब रखकर बेच रहा है और मिनीमाता चौक, पुराने रेलवे फाटक के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध को हिरासत में लिया गया, जिसकी पहचान शेख अहसान उद्दीन कादरी रायगढ़ के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर उसकी मोटरसाइकिल की डिक्की से एक बैग बरामद किया गया, जिसमें ओमनी कंपनी का नामक 19 नग सुलेशन ट्यूब मिली। प्रत्येक ट्यूब पर नेट क्वांटिटी 75 एमएल और एमआरपी 50 रुपये अंकित था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह सुलेशन राउरकेला, ओडिशा की दुकान से करीब 15 दिन पहले दो कार्टन (कुल 40 ट्यूब) 60 रुपये प्रति नग की दर से खरीदी थी और नाबालिगों को नशा करने के लिए बेच रहा था जिसकी कमाई को घरेलू खर्च में उपयोग करता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि पकड़े जाने से पहले एक किशोर को 100 रुपये में एक ट्यूब बेचा था ।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 19 नग सुलेशन ट्यूब कीमत 950 रुपये, बिकी रकम 100 रुपये और अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल कीमत करीब 20 हजार रुपये जब्त किया गया। आरोपी का यह कृत्य धारा 77 जेजे एक्ट तथा धारा 123, 275, 286 बीएनएस के तहत अपराध की श्रेणी में पाया गया। इस पर थाना जूटमिल में अपराध दर्ज कर आरोपी शेख अहसान उद्दीन कादरी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


