रायगढ़

महिला की संदिग्ध हालत में मिली लाश, फॉरेंसिक-डॉग स्क्वायड पहुंची
20-Sep-2025 10:18 PM
महिला की संदिग्ध  हालत में मिली लाश, फॉरेंसिक-डॉग स्क्वायड पहुंची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 20 सितंबर। रायगढ़ जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है। 

मिली जानकारी के अनुसार, तमनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आमाघाट गांव के दानदरी फिटिंग पारा में आज सुबह एक महिला बुधनिन बाई उरांव का शव की संदिग्ध परिस्थिति में मिलने की जानकारी के बाद तमनार थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि बुधनिन बाई बिहार के रहने वाले एक शख्स के साथ रहती थी, जो कि इस घटना के बाद से डर के मारे कहीं भाग गया है। बताया जा रहा है कि महिला के मुंह और नाक से झाग निकल रहा था। जिससे आशंका जताई जा रही है कि जहरीले जीव या फिर जहर सेवन से महिला की मौत हुई होगी।

हत्या की उड़ रही थी अफवाह

आज सुबह दानदरी फिटिंग पारा में महिला की लाश मिलने के बाद यह अफवाह फैल गई थी। महिला का पति उसकी हत्या करके भाग गया। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम फारेसिक एक्सपर्ट के अलावा डॉग स्वायड के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। फिलहाल, पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही महिला के मौत के कारणों का पता चल सकेगा।


अन्य पोस्ट