रायगढ़
रायगढ़, 20 सितंबर। गणेशोत्सव के उपलक्ष्य में गणेश विसर्जन पश्चात ग्राम पाकर गांव के मानस प्रेमी बन्धुओं एवं श्रद्धालु माता बहनों ने मानस कलाकार गुरु चन्द्र मणी चैहान को एक दिवसीय राम कथा गायन प्रवचन करने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया था। इस दौरान अधिवक्ता श्री चौहान ने बालिका शिक्षा और नशा मुक्ति पर प्रभावशाली व्याख्यान देकर गांव वालों को जागरूक करने का प्रयास किया।
ग्राम वासी पाकर गांव के मानस प्रेमी माताएं बहनें तथा भाइयों ने एक नये अंदाज में स्वागत कर कलाकारों को आत्म विभोर कर दिया। माताओं ने आरती की थाल सजाकर सभी कलाकार साथियों को आरती करते -करते रामायण मंच तक पहुंचाया और ससम्मान मंचासीन किया। तमनार क्षेत्र में मानस गायन में अपनी एक अलग पहचान रखने वाले चन्द्र मणी गुरु जी ने रामचरित मानस की कथा के माध्यम से वर्तमान समय के अनुसार जीवनोपयोगी चर्चा करते हुए महिला शिक्षा, नशा मुक्ति गांव की स्वक्षता तथा पर्यावरण की ओर श्रोताओं का ध्यान केंद्रित किया।
राम चरित मानस को केवल सुनना नहीं है बल्कि उसे जीने की आवश्यकता है राम जी ने हमें जिस मर्यादा का पाठ पढ़ाया है आज प्रत्येक घर में उनके आदर्श की अपनाने की जरूरत है। वर्तमान में बच्चों को सही दिशा निर्देश और संस्कार देने की अत्यंत आवश्यकता है। ग्रामीणों ने बहुत ध्यान से भजन कीर्तन और प्रवचन का आनन्द लिया, आयोजन समिति ने मानस मण्डली को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।


