रायगढ़

तेज रफ्तार ट्रेलर ने मवेशियों को रौंदा, एक की मौत, चक्काजाम
19-Sep-2025 9:46 PM
तेज रफ्तार ट्रेलर ने मवेशियों को रौंदा,  एक की मौत, चक्काजाम

रायगढ़, 19 सितंबर। कोतरा रोड थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। जिंदल की ओर से भगवानपुर की तरफ जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन सडक़ पर बैठे मवेशियों को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में एक मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10. 30 बजे ट्रेलर चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सडक़ पर बैठे मवेशियों को टक्कर मार दी। एक मवेशी ट्रेलर के नीचे फंस गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरा मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके पैर में गहरी चोट आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही गौ सेवक और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर सडक़ पर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

मामले की सूचना मिलते ही कोतरा रोड थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। अंतत: पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने और आगे कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ही चक्काजाम समाप्त हुआ।


अन्य पोस्ट