रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 1 सितंबर। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में निगरानी बदमाश और उसके ढाबा में काम करने वाले कर्मी पर पुलिस ने आम्र्स एक्ट की सख्त कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। मामला ग्राम डूमरपाली निवासी लालजीत सोनार की शिकायत पर दर्ज किया गया।
पीडि़त ने पुलिस को बताया कि बीती रात करीब 10 बजे मनोज झरिया ने फोन कर अपने ढाबा बुलाया और जबरन काम करने का दबाव डाला। लालजीत ने मना किया तो आरोपी मनोज और उसके ढाबा कर्मचारी सुनील ने गाली-गलौज करते हुए डंडे और लात-घूंसों से हमला कर दिया, साथ ही धारदार हथियार लहराकर जान से मारने की धमकी दी। डर के मारे लालजीत वहां से भाग निकला और दूसरे दिन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने धारा 296, 351(2), 115(2), 118(1), 3(5) बीएनएस और 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने पीडि़त का मेडिकल कराते हुए तत्परता से आरोपियों की तलाश की और अपने स्टाफ के साथ मनोज झरिया के ढाबा पर दबिश दी। मनोज कुमार झरिया थानाक्षेत्र का निगरानी बदमाश है, मौके पर दोनों आरोपी मिले, जिन्हें पकडक़र पूछताछ की गई।
पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद मनोज झरिया से घटना में प्रयुक्त डंडा और लोहे का तलवारनुमा हथियार तथा सुनील सिदार से एक डंडा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार झरिया डूमरपाली कुडुमकेला और सुनील सिदार कोटमी थाना डभरा, जिला सक्ती शामिल हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


