रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 28 अगस्त। एसपी दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन पर कोतवाली पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी लक्ष्मेश्वर ठाकुर को नई दिल्ली के मयूर विहार इलाके से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया है, शातिर वारंटी लक्ष्मेश्वर ठाकुर पुलिस को कई बार चकमा दे चुका था और पुलिस के आने की भनक पर लुक छिप जाता था।
जानकारी के मुताबिक, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी रायगढ़ प्रवीण मिश्रा की अदालत में आरोपी के खिलाफ 10 परिवाद दायर हैं। इन प्रकरणों में आरोपी के विरुद्ध 01 जमानतीय व 09 गैर-जमानतीय वारंट जारी किए गए थे।
न्यायालय द्वारा 7 अगस्त को वारंट तामिली हेतु पुलिस अधीक्षक रायगढ़ को निर्देशित किया गया था। इसके तहत पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी कोतवाली सुखनंदन पटेल को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए। अनुमति प्राप्त होने के बाद 22 अगस्त को उप निरीक्षक दिलीप कुमार बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम नई दिल्ली रवाना हुई।
पुलिस टीम ने तकनीकी मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रेस कर 25 अगस्त को देर रात मयूर विहार थाना पुलिस के सहयोग से छापा मारकर वारंटी को गिरफ्तार किया। इसके बाद 27 अगस्त को आरोपी को न्यायालय रायगढ़ में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट पर वारंटी को जेल दाखिल किया गया है।


