रायगढ़

न्यायालय में इण्ड सिनर्जी फैक्ट्री के विरूद्ध मामला पंजीबद्व
27-Aug-2025 7:56 PM
न्यायालय में इण्ड सिनर्जी फैक्ट्री के विरूद्ध मामला पंजीबद्व

प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों ने लगाई है अदालत से गुहार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 27 अगस्त। इण्ड सिनर्जी फैक्ट्री के विरूद्व रायगढ़ न्यायालय मे सिविल प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। फैक्ट्री के प्रबंधक को हाजिर होने के लिए समन जारी किये जाने का आदेश श्रीमान तृतीय व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी रायगढ़ द्वारा दिया गया है।

राजीव कालिया अधिवक्ता के माध्यम से सूर्यकांत त्रिपाठी भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष किसान मोर्चा एवं कृषक जन्मजय साव व राधेश्याम राठिया के द्वारा तालाब में हो रहे प्रदूषण के रोकथाम के लिए प्रकरण रायगढ़ न्यायालय मे प्रस्तुत किया गया है। विदित हो कि इण्ड सिनर्जी फैक्ट्री से निकलने वाले धुंआ व गैसो से वातावरण में प्रदूषण फैलने के फलस्वरूप ग्राम सियारपाली का सार्वजनिक तालाब प्रदूषित हो गया है और पानी काला हो जाने से नहाने व अन्य उपयोग करने के लायक नही रह गया है, मजबूरीवश लोगों को तालाब में नहाने के लिए पानी का उपयोग करना पड़ रहा है जिससे बच्चों व वृद्धों का स्वास्थ खराब हो सकता है और आस पास की सब्जियां व धान की फसल खराब हो रही है, धान पकने पर कई लोगो के धान काले हो जाने से सोसायटी काले धान को लेने से इंकार कर देती है। जिसकी शिकायत पूर्व में एवं अन्य ग्राम वासियो के द्वारा कलेक्टर से भी की गयी है।

हैरानी तो इस बात पर है कि लोग प्रदूषण से परेशान व पीडि़त है और क्षेत्रीय पर्यावरण संरक्षण मंडल कार्यालय के कागजो मे प्रदूषण नही है इससे प्रतीत होता है कि प्रदूषण के रोकथाम मे यह कार्यालय विफल है। इसलिए लोग बाध्य होकर न्यायालय की शरण ले रहे है। 


अन्य पोस्ट