रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 26 अगस्त। कोतरारोड़ पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भीखम दास महंत उर्फ भीखो उर्फ विक्रम (40) निवासी बालमगोड़ा को घेराबंदी कर पकड़ लिया है। आरोपी को कल केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड के पास दबोचा गया। बताया गया कि आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर फरार हो गया था तब से पुलिस उसकी तलाश में थी।
ग्राम बालमगोड़ा से एक महिला (40 वर्ष) को संजीवनी 108 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसी दिन उसकी मौत हो गई। इस संबंध में थाना चक्रधरनगर से बिना नंबर मर्ग डायरी मिलने पर कोतरारोड़ पुलिस ने मर्ग धारा 194 बीएनएस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान ग्रामवासियों ने बताया कि भीखम दास महंत करीब छह माह पहले महिला को अपने साथ लाकर पत्नी के रूप में रखने लगा था और आए दिन उससे विवाद कर मारपीट करता था।
पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत लगातार मारपीट और हाथ को आग से जलाने से हुई गंभीर चोट एवं संक्रमण के कारण हुई है। इसके आधार पर 13 अगस्त को आरोपी भीखम दास महंत के खिलाफ थाना कोतरारोड़ में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस दर्ज किया गया। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसे थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


