रायगढ़
रायगढ़, 26 अगस्त। लक्ष्मीपुर ग्राम पंचायत के गवरघुटरी गांव में पिछले दो दिनों से बिजली गुल है। गांव का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीण अंधेरे में रात गुजारने को विवश हैं। इस समस्या से ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने बिजली विभाग से ट्रांसफार्मर की मरम्मत अथवा बदलने की मांग की है, लेकिन लगातार बारिश का हवाला देते हुए कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। इस वजह से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और आवश्यक गतिविधियाँ बाधित हो रही हैं। गांव के निवासी दिनेश्वर राठिया का कहना है कि बरसात के दिनों में अंधेरे से असुरक्षा की आशंका बढ़ जाती है और लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से आग्रह किया है कि शीघ्र कार्रवाई कर ट्रांसफार्मर को दुरुस्त किया जाए, ताकि गांव में सामान्य बिजली आपूर्ति बहाल हो सके और लोगों को राहत मिल सके।


