रायगढ़
रायगढ़, 24 अगस्त। घरघोड़ा पुलिस ने नवनिर्मित रेल्वे लाइन से कॉपर वायर और अन्य उपकरण चोरी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों से लगभग 1900 मीटर से अधिक तांबे के तार, कैटनरी एवं कांटेक्ट तार, क्लिप, पिन सहित ओएचई फिटिंग्स बरामद की है, जिसकी कुल कीमत 88 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है। इसके साथ ही चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लोहे की आरीपत्ती और टांगी भी जब्त की गई। इस कार्रवाई से थाना घरघोड़ा में दर्ज तीन अलग-अलग चोरी के मामलों धारा 303(2) बीएनएस का पर्दाफाश हुआ है। रेल संपत्ति चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने मुखबिरों को सक्रिय कर लगातार जानकारी जुटाई। इसी कड़ी में 23 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नुनदरहा के कुछ युवक चोरी का कॉपर वायर छिपाकर रखे हैं और ग्राहक की तलाश में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दुष्यंत यादव, गजानंद चौहान, सचित चौहान, लवकेशचंद्र चौहान और पुरन चौहान को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर तीनों अपराधों में प्रयुक्त औजार और चोरी किया गया सामान जब्त किया। इसमें विभिन्न लंबाई के तांबे के तार, ओएचई फिटिंग्स, कैटनरी क्लिप, कांटेक्ट क्लिप, जम्पर, आरीपत्ती और टांगी शामिल हैं। घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।


