रायगढ़

नाबालिगों को नशा सामग्री बेचने वाला गिरफ्तार
22-Aug-2025 8:27 PM
नाबालिगों को नशा सामग्री बेचने वाला गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 22 अगस्त। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन पर जिले में सूखा नशा के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। कल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव को मिली मुखबिर सूचना पर बजरंगपारा निगम कॉलोनी निवासी मोह. अलीम उर्फ पावला को उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर पर किशोर बालकों को बैठाकर ओमनी कंपनी के सुलेशन ट्यूब नशे के रूप में उपयोग के लिए उपलब्ध करा रहा है। टीम द्वारा जब उसके मकान की तलाशी ली गई तो एक प्लास्टिक बोरी में रखे दो कार्टन से कुल 35 नग सुलेशन ट्यूब बरामद हुए। आरोपी ने कबूल किया कि वह राउरकेला (ओडिशा) से पांच कार्टन सुलेशन लाकर किशोरों को नशा करने के लिए बेचता है। उसके पास से 200 रुपये नकद रकम भी जप्त की गई।

गिरफ्तार आरोपी मोह. अलीम उर्फ पावला पिता मोह. शरीफ उम्र 43 वर्ष निवासी बजरंगपारा निगम कॉलोनी, जूटमिल रायगढ़ के खिलाफ थाना जूटमिल में धारा 77 बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम (जे.जे. एक्ट) और धारा 123, 275, 286 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


अन्य पोस्ट