रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 22 अगस्त। ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ आसपास खपाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देशन में मुखबिरों को सक्रिय कर मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर निगरानी तेज कर रखी थी। इसी क्रम में कल पुलिस को सूचना मिली कि बृजराज नगर (ओडिशा) का पिन्टु बेहरा रायगढ़ के बापूनगर में अपने रिश्तेदार कुंदन कलेत के मकान पर गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर उप निरीक्षक देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी और मौके से आरोपी पिन्टु बेहरा पिता वीरेंद्र बेहरा उम्र 26 वर्ष निवासी रामपुर कोलियारी, बृजराज नगर (झारसुगुड़ा, ओडि़शा) को गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी लेने पर दो पैकेट में रखा 3.322 किलो गांजा जिसकी कीमत 36 हजार रुपये है, एक रेडमी मोबाइल तथा नगद रकम जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लाकर जोगीडीपा की रागिनी शर्मा उर्फ करेला के साथ मिलकर आसपास के क्षेत्र में थोड़ा थोड़ा कर बिक्री करते हैं। उसने यह भी स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले उसने 2 पैकेट गांजा 8 हजार रुपये प्रति किलो की दर से बेचा था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रागिनी शर्मा को भी हिरासत में लिया, जिसके पास से 1.922 किलो गांजा कीमत 24 हजार रुपये और एक पोको कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ।


