रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 20 अगस्त। संत विनोबा नगर स्थित आंगनबाड़ी भवन को तोडऩे की कोशिश करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अब प्रॉपर्टी डीलर आदिल कुछावा को भी गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि 17 अगस्त को दीपक महोबिया और मुकेश कुमार जैन जेसीबी चालक फिदा हुसैन के साथ भवन को तोडऩे पहुंचे थे और जब मोहल्लेवासियों ने विरोध किया तो उन्होंने तहसील आदेश का हवाला देकर दबाव बनाने की कोशिश की। मौके पर पहुंची जूटमिल पुलिस ने तत्काल तीनों को पकडक़र कार्रवाई की थी।
मामले में मोहल्लेवासी बेलार सिंह सवरा ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ थाना जूटमिल में धारा 319(2),324(3)(5),351(4),3(5) बीएनएस एवं सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3,5 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। विवेचना दौरान पता चला कि तोडफ़ोड़ के समय दीपक महोबिया ने मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति से कॉल कर स्पीकर ऑन कर स्थानीय लोगों को डराने की कोशिश की थी और कहा था कि उसकी पहुंच बड़े नेताओं तक है। पुलिस ने मोबाइल नंबर की पतासाजी की तो वह धमतरी निवासी आदिल कुछावा का निकला, जिसके खिलाफ धमतरी (3) और बालोद (1) में मारपीट तथा रायपुर में दुर्घटना का एक अपराध दर्ज होना पाया गया।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन पर विशेष टीम ने धमतरी में दबिश देकर आदिल कुछावा उर्फ रिजवी खान पिता मोहम्मद असलम उम्र 36 वर्ष निवासी सिहावा चौक धमतरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुद को प्रॉपर्टी ब्रोकर बताते हुए कॉल करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी से प्रयुक्त आईफोन को जब्त किया और उसे रिमांड पर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।


