रायगढ़

2 बाइकों में भिड़ंत, 1 की मौत, 3 घायल
18-Aug-2025 4:24 PM
2 बाइकों में भिड़ंत, 1 की मौत, 3 घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 18 अगस्त। जन्माष्टमी मेला देखने शहर आए युवकों के साथ देर रात एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। ओवरब्रिज पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में 19 वर्षीय एक युवक की अकाल मौत हो गई, जबकि उनके साथी सहित तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के मुताबिक, पूंजीपथरा तराईमाल निवासी देवानंद महंत अपने मित्र श्रवण के साथ और बांजीनपाली निवासी महेन्द्र घटकवार अपने दोस्त रविकांत बेहरा के साथ मेला देखने के लिए रायगढ़ आए थे। बीती रात करीब 12 बजे दोनों बाइक सवार ओवरब्रिज की ओर बढ़ रहे थे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवकों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल देवानंद महंत ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बचे हुए तीनों में श्रवण को गंभीर चोटें आई हैं उसका मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

महेन्द्र और रविकांत को उनके परिजनों ने पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना में दोनों बाइकों को भी भारी नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार ओवरब्रिज पर अंधेरे और सडक़ पर गति अधिक होने से हादसा हुआ माना जा रहा है।


अन्य पोस्ट