रायगढ़

विश्व हाथी दिवस पर कई कार्यक्रम, स्कूली छात्रों ने बढ़-चढक़र लिया हिस्सा
13-Aug-2025 6:12 PM
विश्व हाथी दिवस पर कई कार्यक्रम, स्कूली छात्रों ने बढ़-चढक़र लिया हिस्सा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 13 अगस्त। विश्व हाथी दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय रायगढ़ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गए, जिसमें स्कूली बच्चों की भी सहभागिता रही। छात्रों ने हाथी पर निबंध लिखे और भाषण प्रतियोगिता में भी हिस्सेदारी निभाई। इस दौरान गांव में रैली निकालकर लोगों को हाथी के प्रति जागरूक भी किया गया। 

रायगढ़ वन परिक्षेत्र के बंगुरसिया, जुनवानी और जामंगा के वन अमला द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंगुरसिया में भाषण और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूल में पढऩे वाले छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान स्कूली बच्चों को एसडीओ वन अमला द्वारा हाथियों के व्यवहार के बारे में भी बताया। वहीं प्रतियोगिता में विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। वहीं तमनार रेंज में भी हाथी जागरूकता कार्यक्रम रखा गया। यहां स्कूली बच्चों को हाथी के बारे में कई तरह की जानकारियां दी गई। कार्यक्रम में एसडीओ मनमोहन मिश्रा, रेंजर लीला पटेल, सर्किल प्रभारी प्रेमा तिर्की, रजनी कुजूर,विजय ठाकुर, पालू साहू समेत अन्य वनकर्मी मौजूद थे। 

खरसिया वन परिक्षेत्र में गुरदा सर्किल के अंर्तगत ग्राम बरभौना उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी निबंध व भाषण प्रतियोगिता रखा गया। हाथी और मानव द्वंद विषय पर कक्षा नवमी से बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं निबंध लिखे और भाषण प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसके बाद हाथी से सुरक्षा संबंधी जन जागरूगता रैली निकाली और लोगों को हाथी प्रति जागरूक किया। इस दौरान सर्किल प्रभारी गोवर्धन राठौर, सर्किल प्रभारी राधे लाल जयसवाल, वनपाल दिनेश राजपूत, वनरक्षक लखेश्वर सिदार मौजूद थे। 

इस दौरान गांव-गांव में ग्रामीणों को भी हाथी के प्रति जागरूक किया। साथ ही ग्रामीणों को बचाव को लेकर जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि हाथी के गांव के करीब आने पर उनसे दूर रहे। हाथी प्रभावित क्षेत्रों में अकेले जंगल न जाए और उनके साथ छेड़छाड़ न करे। सेल्फी के चक्कर में हाथी के करीब न जाए। इसके अलावा कई तरह की जानकारियां भी दी गई।


अन्य पोस्ट