रायगढ़

रायगढ़ के पत्रकारों ने अडानी प्रतिनिधियों पर धमकी का आरोप लगाया, पुलिस रिपोर्ट
07-Aug-2025 7:11 PM
रायगढ़ के पत्रकारों ने अडानी प्रतिनिधियों पर धमकी का आरोप लगाया, पुलिस रिपोर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 7 अगस्त। रायगढ़ में प्रस्तावित कोयला खदान परियोजना को लेकर बुधवार को एक विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कुछ पत्रकारों ने आरोप लगाया कि अडानी कंपनी के प्रतिनिधियों ने उन्हें धमकाया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। यह घटना जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में उस समय हुई, जब अडानी कंपनी की ओर से कुछ ग्रामीणों को साथ लाकर खदान परियोजना के समर्थन में ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया गया।

पत्रकारों के अनुसार, अडानी कंपनी द्वारा लाए गए ग्रामीणों से जब समर्थन के पीछे के कारण पूछे गए, तो वे स्पष्ट उत्तर नहीं दे सके। इस पर कंपनी के कुछ प्रतिनिधियों ने कथित रूप से पत्रकारों से बहस की और उन्हें धमकी दी। पत्रकारों ने इस संबंध में चक्रधर नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

थाना प्रभारी बी. आर. साहू ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और इस पर उचित कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वे स्वयं घटनास्थल पर मौजूद थे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया गया।

इस बीच, पत्रकारों ने आरोप लगाया कि अडानी कंपनी ने खदान परियोजना के लिए ग्रामीणों को कलेक्टर कार्यालय लाने हेतु विशेष इंतज़ाम किए थे। पत्रकारों का दावा है कि इस प्रयास को चलित जनसुनवाई का स्वरूप दिया गया, जहां ग्रामीणों को पहले से बस और कारों में लाकर अधिकारियों से मुलाकात करवाई गई। इस दौरान कुछ महिलाओं को कथित रूप से स्वतंत्र रूप से बातचीत या चाय पीने से रोका गया, जिससे पत्रकारों को संदेह हुआ।

खदान के प्रस्ताव के संदर्भ में, मुड़ागांव सहित आसपास के 14 गांवों में विरोध जारी है। हाल ही में मुड़ागांव के पास बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई को लेकर भी अडानी कंपनी की आलोचना हुई थी।

विरोध कर रहे गांवों का आरोप है कि वन क्षेत्र में कंपनी द्वारा बिना पर्याप्त संवाद या अनुमति के कार्य किए जा रहे हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पत्रकारों के संगठनों में रोष है। उन्होंने कहा है कि यदि धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मुद्दे पर विरोध जारी रखेंगे।


अन्य पोस्ट