रायगढ़

पंचायत सचिव के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, धरने की चेतावनी
06-Aug-2025 10:08 PM
पंचायत सचिव के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, धरने की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 6 अगस्त। खरसिया जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत नावापारा (पूर्व) में 15 साल से डटे पंचायत सचिव मनोज कुमार डनसेना के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फट पड़ा है। गुस्साए ग्रामीणों ने जिला पंचायत रायगढ़ के सीईओ को ज्ञापन सौंपकर सचिव को हटाने की मांग की है।

गांव में लंबे अरसे बाद एक शिविर कैंप लगा, जिसे ग्रामीण सचिव को बचाने की चाल बता रहे हैं। अतिरिक्त सीईओ जो शिविर में पहुंचे ने जनपद सीईओ के आदेश का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया। उन्होंने कहा, मुझे सिर्फ कैंप लगाने को कहा गया, सचिव को हटाना मेरे बस की बात नहीं। ग्रामीणों ने पूछा कि आखिरी कैंप कब लगा था, तो अधिकारी ने टालमटोल कर दी।

ग्रामीणों का इल्जाम है कि मनोज डनसेना पंचायत में टस से मस नहीं होता, काम के लिए किरीतमाल बुलाता है और शासकीय योजनाओं का लाभ देने के लिए जेब गरम करने की डिमांड करता है। जो पैसे नहीं देता, उसे बार-बार चक्कर कटवाता है। गांव में बोरिंग का जलस्तर गिरने से पानी का हाहाकार मचा है, लेकिन सचिव समय नहीं का राग अलापकर टरका देता है।

गांव वाले अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। उन्होंने चेताया कि अगर सचिव को जल्दी नहीं हटाया गया, तो पूरा गांव जनपद सीईओ के दफ्तर के बाहर धरना देगा। ग्रामीणों का कहना है, 15 साल से ये सचिव कुंडली मारकर बैठा है, अब बस बहुत हुआ! जिला पंचायत प्रशासन की चुप्पी से ग्रामीणों का गुस्सा और भडक़ रहा है।


अन्य पोस्ट