रायगढ़

अडानी कंपनी के डीजीएम की सडक़ हादसे में मौत
03-Aug-2025 8:44 PM
अडानी कंपनी के डीजीएम  की सडक़ हादसे में मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 3 अगस्त। शुक्रवार की देर रात शहर के ढिमरापुर क्षेत्र में हुए एक सडक़ हादसे में सफेद रंग की एक बेकाबू कार के टकराने की घटना में उसमें सवार अडानी कंपनी के डीजीएम की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चूंकि मृतक बनारस के रहने वाले थे और बड़े भंडार स्थित अडानी कंपनी मे कार्यरत थे।

बीती रात लगभग 1 बजे शहर के ढिमरापुर के जिंदल रोड के पास सफेद रंग की फोर्ड फिगो क्लासिक अचानक बेकाबू होकर रोड किनारे जा टकराई। इस हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गया, साथ ही उसे चला रहे शख्स के सिर में गंभीर चोटे आने पर खून बहने लगा। रात्रिकालीन गश्त पर निकली पुलिस ने  घायल कार चालक को नजदीकी ओपी जिंदल फोर्टिस हॉस्पिटल पहुंचाया। मगर डॉक्टर्स ने उसे प्राथमिक परीक्षण में ही उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक की पहचान उत्तरप्रदेश के बनारस निवासी सत्यनारायण सिंह पिता मृत्युंजय सिंह के तौर पर हुई। जो कि वर्तमान में बड़े भंडार स्थित अडानी कंपनी में डिप्टी जनरल मैनेजर के पद पर सेवारत थे।

पुलिस जांच में एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अडानी के डीजीएम की कार ढिमरापुर के जिंदल रोड में टकराते हुए दिख रही है। बताया जाता है कि सत्यनारायण सिंह रायगढ़ में अकेले रहते थे। चूंकि बिना परिजन के पोस्टमार्टम को लेकर भी अड़चने आ रही थी लिहाजा व्हाट्सअप पर परिजनों की अनुमति मिलने के बाद शाम को जिला अस्पताल में मृतक का पीएम किया गया।

 और उसके बाद अडानी कंपनी के स्टाफ के साथ उनके शव को उनके गृहग्राम के लिए रवाना कर दिया गया।


अन्य पोस्ट