रायगढ़

पहले से बनी सडक़ पर फिर से बना दिया सीसी रोड
01-Aug-2025 10:08 PM
पहले से बनी सडक़ पर फिर  से बना दिया सीसी रोड

घरघोड़ा नगर पंचायत में भ्रष्टाचार की एक और कहानी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

घरघोड़ा, 1 अगस्त। नगर पंचायत घरघोड़ा एक बार फिर से भ्रष्टाचार को लेकर सुर्खियों में है। वार्ड क्रमांक 5 में राजू साहू से बाबूलाल साहू के घर तक पहले से बनी मजबूत सीसी सडक़ पर ही ठेकेदार द्वारा फिर से नई सडक़ बना दी गई वह भी बिना गिट्टी के, केवल बालू और सीमेंट से।

6.4 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत इस कार्य को नगर पंचायत ठेकेदार दीप्ति मिश्रा ने पूरा किया। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यह सडक़ पहले से ही मौजूद थी, फिर भी मनमाने तरीके से घटिया निर्माण कर लीपापोती कर दी गई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) दीपिका भगत से संपर्क किया गया, तो उनका जवाब था शिकायत है तो पार्षद से मिलिए। वहीं मौके पर मौजूद पार्षद अनिल लकड़ा ने सफाई देते हुए कहा-गिट्टी खत्म हो गई थी, मजबूरी में ऐसे करना पड़ा, सुधार कर देंगे। बाद में सुधार के नाम पर बस औपचारिक काम कर दिया गया और शिकायतकर्ताओं पर समझौते का दबाव बनाया जाने लगा।

नगर पंचायत इंजीनियर से निगरानी को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा-मुझे पता है काम चल रहा है, आज आ रहा हूं। और फोन काट दिया।

जांच में होगा खुलासा-सीएमओ

इस मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी घरघोड़ा दीपिका भगत ने बताया कि इस सडक़ की शिकायत मिली है। मौके पर इंजीनियर को जांच के लिए भेजा गया है। गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 


अन्य पोस्ट