रायगढ़

पुरानी रंजिश, गाड़ी से कुचलने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार
11-Jun-2025 6:13 PM
पुरानी रंजिश, गाड़ी से कुचलने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 11 जून। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर गाड़ी चढ़ाकर हत्या की कोशिश करने वाले फरार आरोपी को भी भूपदेवपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देशन एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में की गई, जिसमें पहले ही एक आरोपी को घटना के अगले ही दिन पकड़ लिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी को आज गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

मामला 5 जून का है जब ग्राम सेन्द्रीपाली निवासी गजेन्द्र पटेल ने थाना भूपदेवपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव के चूड़ामणि पटेल और टीकाराम पटेल से उसका पुराना विवाद चल रहा है। दो दिन पहले भी कहासुनी हुई थी।

 5 जून को दोपहर के समय गजेन्द्र अपने साथियों अनिल कुर्रे, अजय निषाद और पवन निषाद के साथ ब्रेजा कार से नहरपाली पेट्रोल पंप के पास खड़ा था, तभी टीकाराम पटेल अपने भाई चूड़ामणि पटेल को साथ लेकर आर्टिका कार से वहां पहुंचा और गजेन्द्र को जान से मारने की नीयत से कार चढ़ाने की कोशिश की। गजेन्द्र ने छलांग लगाकर किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन इस हमले में उसके दाहिने कंधे, हाथ, पसली, कोहनी और बाएं हाथ की उंगलियों में गंभीर चोटें आईं। समय रहते बचाव नहीं करता तो उसकी जान जा सकती थी।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भूपदेवपुर में धारा 110, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया और जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटाकर पाया कि यह हमला जानलेवा था।


अन्य पोस्ट