रायगढ़
एसडीएम ने किया तहसील कार्यालय में अटैच
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लैलूंगा, 7 जून। विकासखंड लैलूंगा अंतर्गत ग्राम पंचायत कमरगा में पदस्थ पटवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अटल डिजिटल सुविधा केंद्र में बैठकर एक ग्रामीण से खुलेआम नगद राशि लेते हुए नजर आ रहा है। यह वीडियो सामने आते ही क्षेत्र में हडक़ंप मच गया और जनप्रतिनिधियों से लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। वहीं वीडियो सामने आने के बाद मामला एसडीएम लैलूंगा के संज्ञान में लाया गया। एसडीएम ने पटवारीको तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान हल्का क्षेत्र से हटाते हुए तहसील कार्यालय में अटैच कर दिया है।
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पटवारी रामनाथ सिंह, ग्राम पंचायत कमरगा स्थित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र में बैठा है और वहां एक ग्रामीण से किसी कार्य के एवज में नगद राशि ले रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद मामला एसडीएम लैलूंगा अक्षया गुप्ता के संज्ञान में लाया गया। एसडीएम गुप्ता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित संज्ञान लिया और संबंधित पटवारी रामनाथ सिंह को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान हल्का क्षेत्र से हटाते हुए तहसील कार्यालय में अटैच कर दिया है। एसडीएम अक्षया गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, राजस्व विभाग की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। हम शासन की पारदर्शिता और जवाबदेही की नीति पर काम कर रहे हैं, और इस तरह की शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीणों का कहना है कि पटवारी द्वारा कार्य के बदले पैसे लेने की शिकायत पहले भी मौखिक रूप से की जा चुकी थी, लेकिन इस बार वीडियो सबूत के रूप में सामने आने से प्रशासन को सीधी कार्रवाई करने का आधार मिल गया।


