रायगढ़

घटिया चावल बंटने की शिकायत, जांच
04-Jun-2025 8:05 PM
घटिया चावल बंटने की शिकायत, जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 4 जून। छत्तीसगढ़ में जहां एक ओर सरकार चावल उत्सव की धूम मचा रही है, वहीं दूसरी ओर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के सिथरा परिसर से शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में घटिया क्वालिटी का चावल सप्लाई कर हितग्राहियों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। यह मामला तब सामने आया जब 1 जून, रविवार को धरमजयगढ़ के सिथरा परिसर से कूड़ेकेला उचित मूल्य दुकान के लिए भेजे गए चावल की बोरियों में पाला चावल पाया गया, जो न केवल घटिया क्वालिटी का है, बल्कि कुछ बोरियां हाथ से सिली हुई थीं।

जानकारी के मुताबिक, सरकार ने जून, जुलाई और अगस्त तीन महीनों का राशन एक साथ वितरण करने की घोषणा की है। लेकिन इस नेक पहल के बीच कूड़ेकेला की शासकीय दुकान में पहुंचा यह खराब चावल कई सवाल खड़े कर रहा है। क्या वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा राशन की गुणवत्ता की जांच में लापरवाही बरती जा रही है? या फिर इसके पीछे कोई बड़ा भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है? 

 वेयर हाउस के अधिकारी अखिलेश तिवारी से बात की, तो उनका जवाब था, गलती से खराब चावल चला गया होगा, हम उसे वापस ले आएंगे।  इससे परे जिला खाद्य अधिकारी ने कहा कि मेरे पास धरमजयगढ़ के कूड़ेकेला में खराब चावल सप्लाई होने की शिकायत आई थी जिसके बाद मेरे द्वारा तत्काल धरमजयगढ़ खाद्य निरीक्षक को खराब चावल की शिकायत की जांच के निर्देश दिए गए है। खराब चावल को वेयर हाउस को बदलने को बोला गया है। हमारे द्वारा साफ निर्देश किया गया है कि किसी भी राशन दुकानों में हाथ से सिलाई की गई चावल की बोरी भेजी नहीं जाए जिसके बाद भी भेजा गया है तो जांच किया जाएगा। खराब चावल किस गोदाम से भेजा गया है गोदाम की भी जांच की जाएगी आखिर कहां से चावल आया है। 


अन्य पोस्ट