रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 13 मई। चौथी रेल लाइन निर्माण कार्य में लगे मिक्सर मशीन वाहन के अचानक चालू होते ही चालक पर पहिया चढऩे से उसकी मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। यह हादसा शहर से लगे किरोड़ीमल नगर का है। कोतरा रोड पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार कल सुबह लगभग साढ़े 9 बजे किरोड़ीमल नगर के उच्चभि_ी रोड में उस समय सनसनी फैल गई, जब पटरी के किनारे मिक्सर मशीन वाहन के नीचे दबने से उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
कोतरा रोड थाना के प्रधान आरक्षक जयप्रकाश सूर्यवंशी ने बताया कि किरोड़ीमल नगर में चौथी रेलवे लाइन का निर्माण चल रहा है। इसमें मूलत: कोरबा जिले के कुसमुंडा के ठेकेदार राधेश्याम अग्रवाल के मातहत संतोष कुमार मिक्सर मशीन वाहन चलाने का काम करते हुए खरसिया में अस्थायी तौर पर रहता था। सुबह पटरी के किनारे मिक्सर मशीन में सीमेंट, रेत और पानी डालकर रॉ-मटेरियल तैयार किया जा रहा था, तब घटना हुई।
इस दौरान मिक्सर मशीन वाहन अचानक चालू हो गया। वहीं, मिक्सर मशीन के पास खड़ा संतोष कुमार कुछ कर पाता, इसके पहले उसके वाहन के पहिए के तले कुचले जाने से चालक की ही जान चली गई। पहले पहल तो मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई, लेकिन पुलिस जब रक्तरंजित मृतदेह को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंची तो उसके पर्स से मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस से संतोष कुमार के तौर पर उसकी पहचान हुई।


