रायगढ़

देशी अंग्रेजी शराब संग 2 आरोपी गिरफ्तार
12-May-2025 3:38 PM
देशी अंग्रेजी शराब संग 2 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 12 मई। जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चल रही मुहिम के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने रविवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। छठ घाट किरोड़ीमल नगर के पास घेराबंदी कर स्कूटी सवार दो युवकों को शराब की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया गया। उनके पास से कुल 242 नग देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा 43.560 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 23,200 रुपए है।

 

कल शाम कोतरारोड़ पुलिस टीम को सूचना मिली कि दो युवक सफेद रंग की स्कूटी में ग्राम किरोड़ीमल नगर से शराब लेकर उच्चभिट्टी की ओर रवाना हुए हैं। सूचना पर पुलिस ने छठ घाट के पास घेराबंदी कर स्कूटी को रोका और दोनों संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपना नाम नवरत्न रात्रे और पीछे बैठे युवक ने अपना नाम दीपक बंजारे दोनों निवासी रायगढ़ बताया। तलाशी में स्कूटी के पैरदानी में रखे बैग और दो प्लास्टिक बोरियों से 128 नग देशी प्लेन, 24 नग देशी मसाला और 90 नग सीजी व्हिस्की अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

 शराब के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी (अनुमानित मूल्य 50,000 रुपए) भी जब्त की गई। इस प्रकार मामले में कोतरारोड़ पुलिस ने 73,200 रूपए की संपत्ति की जब्ती की है।


अन्य पोस्ट